दसगांव स्कूल को ई-लर्निंग सिस्टम भेंट करते रोटरी क्लब बिलासपुर के पदाधिकारी। स्रोत: क्लब
रोटरी क्लब बिलासपुर में स्कूल को किया भेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। रोटरी क्लब बिलासपुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसगांव को करीब 1.50 लाख रुपये की लागत का ई-लर्निंग सिस्टम भेंट किया है। सिस्टम में कंप्यूटर सीपीयू, प्रोजेक्ट और बड़ी स्क्रीन है, ताकि बड़ी संख्या में विद्यार्थी कोई भी प्रेजेंटेशन इस पर्दे पर एक साथ देख सकते हैं।
रोटरी क्लब के प्रधान संजीव वात्स्यायन की अगुवाई में रोटरी क्लब के सदस्यों ने स्कूल जाकर ई-लर्निंग सिस्टम को वहां लगवाया। प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने रोटरी क्लब के सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य ने रोटरी क्लब का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह ई-लर्निंग सिस्टम स्कूल में विद्यार्थियों की पढ़ाई में बेहद मददगार साबित होगा। रोटरी क्लब के प्रधान संजीव वात्स्यायन ने बताया कि रोटरी क्लब इस स्कूल में पहले करीब 30 हजार रुपये की लागत का हैंडवाश स्टेशन भी लगवा चुका है। इसी स्कूल में रोटरी क्लब ने एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया था, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की थी और दवा भी निशुल्क दी थी। उसी वक्त स्कूल प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने रोटरी क्लब से ई-लर्निंग सिस्टम मुहैया करवाने का आग्रह किया था। उसी आग्रह पर रोटरी क्लब ने दसगांव स्कूल को यह ई-लर्निंग सिस्टम दिया है। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव नरेंद्र खन्ना, कोषाध्यक्ष चेतन ठाकुर, रोटरी क्लब के पूर्व प्रधान इं. एनआर शर्मा, पूर्व प्रधान टीसी सैणी, पूर्व प्रधान इं. विनोद कौशल, स्कूल आईटी अध्यापिका कामिनी, पीईटी रितेश भी मौजूद रहे।