-बरमाणा में चल रही टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एसीसी बरमाणा के खेल मैदान में चल रही टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। रविवार को दोनों महिला और पुरुष वर्ग के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। महिला वर्ग में डायनामिक क्वींस तो पुरुष वर्ग में एडमिन वॉरियर्स टीम विजेता बनी।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला एडमिन वॉरियर्स और पैकिंग पैंथर्स के बीच खेला गया। एडमिन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 152 रन बनाए। इसमें हुकुम सूद ने 89 रन बनाए और मुकेश ठाकुर ने 44 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैकिंग पैंथर्स 10 ओवर में 96 रन ही बना सकी और 56 रनों से हार गई। महिलाओं वर्ग का फाइनल डायनामिक क्वींस और सुपर स्ट्राइकर के बीच खेला गया। सुपर स्ट्राइकर ने नौ ओवर में 110 रन बनाए। डायनामिक क्वींस ने सात विकेट शेष रहते लक्ष्य को हासिल कर लिया। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि एसीसी गागल अदाणी सीमेंट बरमाणा के हेड संजय वशिष्ठ ने विजेताओं काे सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से एक दूसरे को जानने का मौका मिलता है। सभी लोगों की भागीदारी बच्चों के लिए भी प्रेरणा से कम नहीं है। इस मौके पर प्लांट हेड एचआर पदम नभ शर्मा, एचआर विक्रमजीत सिंह, सीएसआर के वरिष्ठ प्रबंधक हितेंद्र कपूर और सुकांता बैनर्जी उपस्थित रहे।