फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: सीर खड्ड में सड़क निर्माण की मिट्टी फेंकने से पेयजल योजनाओं पर संकट

Sun, 08 Nov 2026 06:02 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
घुमारवीं में सीर खड्ड में फेंका गया मलबा। -संवाद
विज्ञापन
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र के प्रमुख जलस्रोत सीर खड्ड में सड़क निर्माण कार्य की मिट्टी डंप किए जाने का मामला सामने आया है। सीरखड्ड पुल से मेला ग्राउंड तक चल रहे निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाली मिट्टी को सीधे खड्ड में फेंका जा रहा है। इससे पानी गंदा होने के साथ इस पर निर्भर कई पेयजल योजनाओं के लिए खतरा पैदा हो गया है।
विज्ञापन

सीर खड्ड घुमारवीं और आसपास के कई गांवों की प्यास बुझाने वाली पेयजल योजनाओं का मुख्य आधार है। मिट्टी सीधे पानी में घुलने से गाद की मात्रा बढ़ रही है, जिससे पेयजल योजनाओं के लिए पानी उठाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में दिक्कत आ सकती है। क्षेत्र में पहले ही पेयजल संकट की समस्या रहती है, ऐसे में उपलब्ध जलस्रोत के दूषित होने से हजारों लोगों के सामने स्वच्छ पानी का संकट गहराने की आशंका है।
नियमानुसार निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे को निर्धारित स्थान पर डंप किया जाना चाहिए, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी हो रही है। सीर खड्ड में मलबा फेंके जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी लोक निर्माण विभाग के एक कार्य के दौरान पुल के ऊपर से मिट्टी और मलबा खड्ड में फेंका गया था। उस समय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने विभाग पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बावजूद दोबारा मिट्टी डंप किए जाने से विभागीय निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विभाग से सीर खड्ड में मिट्टी डालने पर तुरंत रोक लगाने तथा मलबे के निस्तारण के लिए उचित स्थान तय करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीर खड्ड कई गांवों की पेयजल जरूरतों का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता से समझौता नहीं होना चाहिए और निर्माण कार्य के दौरान सख्त निगरानी रखी जानी चाहिए।

मामला अभी मेरे ध्यान में नहीं था, मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिली है। मौके पर जाकर जांच की जाएगी। यदि खड्ड में मिट्टी और मलबा डंप किए जाने की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - अनुज पराशर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग घुमारवीं
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें