शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाना के अंतर्गत पिछड़ा क्षेत्र कोटधार की ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव गंगलोह में एक शराबी बेटे ने माता-पिता से मारपीट की। तलाई पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गंगलोह का 30 वर्षीय युवक मंगलवार रात को शराब के नशे में धुत होकर घर आया। अपने पिता-माता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। जब समझाने की कोशिश की तो उसने अपने पिता को जान से मारने की धमकी दी। जब हुड़दंग मचाना बंद नहीं किया तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन उसने पुलिस के साथ भी बदतमीजी की। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं में उसका मेडिकल करवाया। नशे की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। बताया कि शराब के नशे में हुड़दंग मचाने पर गंगलोह के बबलू को गिरफ्तार किया गया है।