- एंबुलेंस कर्मियों से उलझा, पुलिस ने की सख्ती तो बताई सच्चाई
- भराड़ी थाना के तहत बणी पंडता में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत बणी पंडता गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत होकर पहले जहर खाने की अफवाह फैलाई। जब एंबुलेंस पहुंची तो व्यक्ति उसके कर्मियों से उलझ गया। मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो शराब में धुत व्यक्ति का नशा उतर गया और जहर न खाने की सच्चाई बताई।
हटवाड़ क्षेत्र के बणी पंडता गांव के एक व्यक्ति ने मंगलवार शाम को शराब पी। उसने नशे में परिजनों को जहर खाने की बात बताई। परिजन घबरा गए। व्यक्ति की पत्नी ने 108 एंबुलेंस को बुलाया। जैसे ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो व्यक्ति एंबुलेंस कर्मियों से उलझ गया। अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब व्यक्ति नहीं समझा तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले तो व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया और उपचार के लिए अस्पताल चलने को मनाया। काफी देर तक जब उक्त शराबी नहीं माना तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस की सख्ती देखते ही शराबी का नशा उतर गया। उसने एकाएक सारी बात बताई। व्यक्ति ने कहा कि उसने कोई जहर नहीं खाया है। वह झूठ बोलकर घरवालों को डरा रहा था। व्यक्ति ने एंबुलेंस कर्मियों और पुलिस से माफी मांग कर भविष्य में ऐसा न करने की बात कहकर खुद को बचाया।
भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई थी। जिसके बाद व्यक्ति ने जहर न खाने की सच्चाई बताई। भविष्य में ऐसा न करने की बात कहते हुए व्यक्ति को छोड़ दिया गया।