खारसी में आयोजित हिमाचल मोटर चालक संघ की बैठक में भाग लेने वाले सदस्य। स्रोत: संघ
तैयारियों को लेकर हिमाचल मोटर चालक संघ ने की बैठक
बैठक में चालकों की समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल मोटर चालक संघ की सभी शाखाओं की सामूहिक बैठक खारसी में बागा शाखा कार्यालय में हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रधान अमरजीत ने की। इसमें मुख्य रूप से 17 सितंबर को होने वाले चालक दिवस के बारे में चर्चा की गई।
प्रधान अमरजीत ठाकुर ने बताया कि 17 सितंबर को अंबुजा सीमेंट प्लांट पार्किंग मैदान दाड़लाघाट में चालक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी चालकों से आग्रह किया कि इस कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लें और इसे सफल बनाएं। कार्यक्रम में अंबुजा सीमेंट प्लांट नॉर्थ जोन सीएमओ मुकेश सक्सेना बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। बैठक में चालकों की समस्याओं और मांगों पर भी चर्चा की गई। अमरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आपदा की स्थिति में सैकड़ों चालक प्रदेश के कोने-कोने गाड़ियां ले जाकर लोगों को जरूरत का सामान पहुंचा रहे हैं। अपनी जान की परवाह न करते हुए दुर्गम स्थानों में चालक पहुंच रहे हैं। प्रदेश सरकार चालकों को भोजन की व्यवस्था तक नहीं कर पा रही है। बहुत से चालक भारी बरसात के कारण सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण अनेक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, जिसमें सरकार की तरफ से विशेष रूप से चालकों को कोई भी सहायता प्रदान नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों को उठाने के लिए हिमाचल मोटर चालक संघ कई वर्ष से प्रयासरत है। हिमाचल मोटर चालक संघ की एक राज्य स्तरीय यूनियन का गठन हो चुका है जो प्रदेश में चालकों के हित के लिए काम कर रही है। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारी प्रधान कुलवंत ठाकुर, महामंत्री सतपाल शर्मा, मुख्य सलाहकार जगत राम ठाकुर, बरमाण शाखा प्रधान श्याम लाल संधू, बागा शाखा प्रधान राकेश कुमार और दाड़लाघाट शाखा से सुरेश कुमार ठाकुर मौजूद रहे।