जल शक्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर दो सौ परिवारों को दिलाई राहत
-सुबह 6 बजे शुरू किया मरम्मत कार्य, दोपहर तक सुचारू हुई जलापूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में वर्ड मन्नण पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को अचानक पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। योजना के करीब 200 लाभार्थी सुबह पानी न आने से परेशान हो गए।
मामला संज्ञान में आते ही जल शक्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह तड़के 6:00 बजे से पाइप लाइन को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया। जल शक्ति विभाग के कर्मचारी संजीव कुमार ने बताया कि रोजाना की तरह वे सुबह नलों की जांच के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सुन्हाणी मेला ग्राउंड के पास पानी का तेज बहाव दिखाई दिया। मौके पर जाकर जांच करने पर पाया कि वर्ड मन्नण पेयजल योजना की पाइपलाइन फट चुकी है और सारा पानी सड़क पर बह रहा है। उन्होंने तुरंत योजना का पानी बंद करवाया और विभाग को सूचित कर टीम के साथ मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। दोपहर तक पाइपलाइन की पूरी मरम्मत कर दी गई और जलापूर्ति को सुचारू कर दिया गया। पानी बहाल होते ही प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने भी विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और समय पर समस्या का समाधान करने के लिए कर्मचारियों का धन्यवाद किया। वहीं, संजीव कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी भी क्षेत्र में पेयजल से संबंधित कोई समस्या नजर आए, तो तुरंत जल शक्ति विभाग के कार्यालय से संपर्क करें, ताकि समय पर कार्रवाई कर लोगों को जल संकट से बचाया जा सके।