सम्मान ग्रहण करते डॉक्टर प्रशांत आचार्य। स्रोत: पाठक
समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नौवें राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से हिमाचल प्रदेश में आयोजित नौवें राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में बिलासपुर के डॉ. प्रशांत आचार्य को राष्ट्र गौरव सम्मान से नवाजा गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें समाज और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र बच्चन ने डॉ. प्रशांत आचार्य को सम्मान पत्र प्रदान किया। इस दौरान बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार और जिला भाषा अधिकारी भी मौजूद रहे। सम्मान मिलने पर डॉ. प्रशांत आचार्य ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र बच्चन और हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप का आभार जताया। डॉ. आचार्य ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है। इससे उन्हें भविष्य में समाजहित के कार्यों को और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सम्मान का श्रेय माता-पिता, परिवार और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से ही वह लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते रहे हैं।