खिलाड़ियों के लिए अपना आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड लाना होगा अनिवार्य
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
जिला एमेच्योर खो-खो एसोसिएशन ने तैयारियां की पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला एमेच्योर खो-खो एसोसिएशन बिलासपुर की ओर से 26 अक्तूबर को सब जूनियर बॉयज और जूनियर गर्ल्स जिला स्तरीय खो -खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर ने बताया कि यह एक दिवसीय प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुखाला के खेल मैदान में होगी। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि अंडर-14 प्रतियोगिता के लिए खिलाडियों की आयु 4 फरवरी 2025 तक 14 साल होनी चाहिए। साथ ही आयु, ऊंचाई और वजन के कुल निर्धारित इंडेक्स 215 को पूरा करते हो। अंडर-18 जूनियर गर्ल्स प्रतियोगिता के लिए आयु सीमा 28 दिसंबर 2025 तक पूरी हो। साथ ही आयु, ऊंचाई और वजन के निर्धारित कुल इंडेक्स 250 को पूरा करती हों। सभी खिलाड़ियों के लिए अपने साथ आयु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। इसके बिना किसी भी खिलाड़ी को खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान यदि किसी खिलाड़ी को कोई चोट लगती है तो इसके लिए एसोसिएशन उत्तरदायी नहीं होगी।