शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह पर विशेषज्ञ वार्ता
फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का अहम हिस्सा : गोपाल कृष्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी बिलासपुर में 63वें राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2024 के अवसर पर स्वास्थ्य सोचें, फार्मेसी सोचें विषय पर एक विशेषज्ञ वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रमुख विशेषज्ञों ने भाग लिया। फार्मेसी के महत्व व समाज पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने सुरक्षित और प्रभावी दवा प्रथाओं की आवश्यकता पर बल देते हुए फार्मेसी क्षेत्र की बढ़ती प्रासंगिकता को रेखांकित किया। ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ने फार्मास्युटिकल रुझानों और नियमों पर चर्चा की और स्वास्थ्य देखभाल में नवाचारों को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। केमिस्ट एसोसिएशन बिलासपुर के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने फार्मासिस्टों और केमिस्ट के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता बताई ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल विनोद कुमार गौतम ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र के पेशेवर केवल दवाइयों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पूरे स्वास्थ्य देखभाल तंत्र के महत्वपूर्ण अंग हैं।
इस सप्ताह का उद्देश्य लोगों को फार्मेसी के महत्व को समझाने और जागरूकता बढ़ाने का है। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों और पेशेवरों ने विशेषज्ञों के विचारों पर चर्चा की। कार्यक्रम ने फार्मेसी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रेरणा दी। शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ने इस आयोजन के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और फार्मेसी क्षेत्र में उत्कृष्टता की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।