एनईपी 2020 के नए पाठ्यक्रमों पर झंडूता कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में भाग लेते विभिन्न क्षेत्
नए पाठ्यक्रमों पर झंडूता कॉलेज में कार्यशाला, प्राध्यापकों ने आधुनिक शिक्षण तकनीकों पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत नए पाठ्यक्रमों को लेकर प्राचार्य एवं प्राध्यापकों के मध्य तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नई शिक्षा नीति के तहत लागू पाठ्यक्रमों, विषय संरचना और शिक्षण पद्धति पर विस्तृत चर्चा करना रहा।
कार्यशाला में महाविद्यालय के विभागों की ओर से अपने-अपने विषयों से संबंधित प्रस्तुतियां दी गईं। प्राध्यापकों ने नए पाठ्यक्रमों की विशेषताओं, क्रेडिट प्रणाली, कौशल आधारित शिक्षा, बहुविषयक अध्ययन तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा की अवधारणा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। तीन दिनों तक चली कार्यशाला में विभागों के प्राध्यापकों ने एनईपी-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा पाठ्यक्रम संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। इसके साथ ही नई शिक्षा नीति के अंतर्गत शिक्षण में नवाचार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी चर्चा की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी प्राध्यापकों से समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।