फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: लुहणू खेल मैदान में जमा हुआ गंदा पानी, डेंगू का खतरा बढ़ने की आशंका

Thu, 30 Oct 2025 11:39 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
लुहणू खेल परिसर के हैंडबाल मैदान में जमा हुआ पानी। संवाद
विज्ञापन
उपायुक्त के निरीक्षण के बाद भी नहीं हुआ मैदान में पानी जमा होने का समाधान
विज्ञापन

नाले की गंदगी मैदान में पहुंचने से बच्चे गंदे पानी के बीच प्रैक्टिस करने को मजबूर
बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर में आठ साल बाद सामने आए हैं डेंगू के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर शहर का लुहणू खेल मैदान इन दिनों गंदे पानी में तब्दील हो गया है। मैदान में जगह-जगह जलभराव होने से न केवल खिलाड़ियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है। चिंता की बात यह है कि शहर के कई वार्डों में पहले ही डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं, ऐसे में खेल परिसर में फैली यह गंदगी न केवल प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही है, बल्कि डेंगू और मलेरिया जैसे संक्रमण को भी बढ़ावा देने का काम कर रही है। हालांकि विभाग की टीमें शहर में फॉगिंग कर रहीं हैं और घरद्वार जाकर लोगों को जागरूक भी कर रही हैं। मगर खेल मैदान की साफ सफाई को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है।
शहर के रौड़ा सेक्टर में आठ साल बाद डेंगू के मामले आने से लोगों में डर का माहौल है। वहीं अब इसी सेक्टर के साथ लगते लुहणू खेल परिसर के हैंडबाल मैदान में पानी जमा होने से और परेशानी बढ़ गई है। यह जिले का सबसे बड़ा खेल परिसर है, जहां रोजाना खेल छात्रावास के खिलाड़ियों समेत सैकड़ों बच्चे कई खेलों की प्रैक्टिस करने पहुंचते हैं। मगर मैदान में भरे गंदे पानी के कारण बच्चे मजबूरी में किनारे या अधूरे हिस्से में अभ्यास करने को विवश हैं। मैदान में लगे हैंडपंप से लगातार पानी की लीकेज हो रही है और साथ लगते नाले का पानी भी मैदान में पहुंच रहा है। इससे वजह से हैंडबाल और हॉकी मैदान में पानी भर गया है। वहीं, सिंथेटिक ट्रैक के साथ लगती नाली भी गंदे पानी से लबालब है। ऐसे में क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। लुहणू मैदान के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गंदा पानी मैदान में जमा है, लेकिन न तो खेल विभाग और न ही नगर परिषद की ओर से इसे निकालने के लिए कोई कदम उठाया गया है। हर दिन बच्चे इसी गंदे पानी के बीच अभ्यास कर रहे हैं। कहीं से भी यह नहीं लगता कि यहां सफाई की कोई व्यवस्था है। अगर यही हालात रहे तो डेंगू और मलेरिया फैलना तय है।
विज्ञापन

जिला खेल अधिकारी उत्तम डोड ने कहा कि समस्या के बारे में उपायुक्त को अवगत कराया था। उन्होंने निरीक्षण भी किया था। उन्होंने इसके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आदेश भी दिए थे। लेकिन अभी तक समस्या बनी हुई है।
इनसेट
ट्रिपल 10 फॉर्मूला से बचाव की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रिपल 10 फॉर्मूला अपनाएं। यानी हर 10 दिन बाद, सुबह 10 बजे, 10 मिनट के लिए अपने घर और आसपास जमा पानी की सफाई करें या उसे बदल दें। विभाग का कहना है कि डेंगू मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए थोड़ी सी लापरवाही भी खतरा बढ़ा सकती है।
इनसेट
डेंगू के मामले बढ़ने से बढ़ी चिंता
शहर के वार्ड नंबर 1, 2 और 3 में पिछले कुछ दिनों से डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आठ साल बाद बिलासपुर में डेंगू ने दस्तक दी है। रौड़ा सेक्टर में बुधवार तक 16 संदिग्ध मरीज मिले हैं, जिनमें से तीन एलाइजा टेस्ट में डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। बाकी कार्ड टेस्ट में पॉजिटिव आए थे, लेकिन उन्हें कन्फर्म नहीं माना जाता है। हालांकि उन मरीजों की स्थिति अब सामान्य है।
विज्ञापन

कोट
डेंगू के दो तरह के टेस्ट किए जाते हैं। एक प्रोबेबली डायग्नोसिस टेस्ट, जिसे कार्ड से किया जाता है, और दूसरा डिफेनेटिव (एलाइसा) टेस्ट, जो पुष्टि करता है कि मरीज को डेंगू है या नहीं। उन्होंने बताया कि अब तक केवल तीन कन्फर्म मामले सामने आए हैं। विभाग की टीमें डोर-टू-डोर सर्वे कर लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बता रही हैं और शहर में फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। - डाॅ. शशि दत्त शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

लुहणू खेल परिसर के हैंडबाल मैदान में जमा हुआ पानी। संवाद

लुहणू खेल परिसर के हैंडबाल मैदान में जमा हुआ पानी। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें