स्वारघाट(बिलासपुर)। स्वारघाट क्षेत्र में डीजल चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। यह गिरोह रात के अंधेरे में नेशनल हाईवे के आसपास खड़े ट्रकों, बसों व अन्य वाहनों से डीजल, बैटरियां व अन्य सामान चोरी कर रहा है। इन दिनों पुलिस की रात्रि गश्त न होने के कारण चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। पुलिस ने इस संदर्भ में थाना में केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ स्वारघाट विरोचन नेगी ने इसकी पुष्टि की है।
नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली पर विगत कुछ महीने से डीजल चोरी हो रहा है। चोर स्वारघाट से बनेर तक गाड़ियों से डीजल चोरी कर रहे हैं। बुधवार देर रात चोरों ने राष्ट्रीय उच्चमार्ग 205 चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट के संतोषी माता मंदिर के समीप खड़े ट्रक की डीजल की टंकी का ताला व ढक्कन तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल निकाल लिया। इस संबंध में ट्रक चालक व मालिक ने पुलिस थाना स्वारघाट में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है।
मिली जानकारी के अनुसार राजू राम निवासी गांव टाली डाकघर जकातखाना जिला बिलासपुर जो पेशे से ट्रक चालक है और ट्रक नंबर एचपी24 डी-2577 चलाता है। बुधवार देर रात वह अपने ट्रक को संतोषी माता मंदिर स्वारघाट के पास सड़क किनारे खड़ा कर घर चला गया। वीरवार सुबह जब वह ट्रक के पास आया तो उसने पाया कि उसके ट्रक की डीजल की टंकी का ताला व ढक्कन टूटा हुआ है और टंकी बिल्कुल खाली है। ट्रक चालक ने इस बाबत पुलिस थाना स्वारघाट में चोरी की शिकायत दी है। स्थानीय लोगों व ट्रक चालकों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।