लोअर मेन मार्केट में आयोजित मां भगवती जागरण में झूमते श्रद्धालु। संवाद
लोअर मेन मार्केट में भगवती जागरण का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोअर मेन मार्केट में मां भगवती संकीर्तन मंडल की ओर से 20वांभगवती जागरण हुआ। इस आयोजन और विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आए हुए थे।
जागरण में मां श्री नयना देवी जी, मां श्री ज्वाला जी और मां श्री चिंतपूर्णी धाम से पावन ज्योति लाई गई थी। शाम को इन ज्योतियों के साथ नगर परिक्रमा की गई और हनुमान मंदिर में कुछ समय के लिए रखी गईं। शाम आठ बजे आयोजकों और अन्य लोगों ने शोभायात्रा निकाल कर इन ज्योतियों को जागरण स्थल तक पहुंचाया। जहां पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी पंडित बाबू राम शर्मा ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पावन ज्योतियों को मां के भव्य दरबार में प्रतिष्ठापित किया। पूरे बाजार और आयोजन स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया था। लोगों ने कतारों में खड़े होकर मां भगवती के दर्शन किए। शाम नौ बजे के बाद भजनों का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले ऊना से भजन गायक जितेंद्र शर्मा ने मंच संभाला। उन्होंने गणेश वंदना से कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक पहाड़ी और पंजाबी भेंट गाकर श्रद्धालुओं को नाचने पर विवश किया। मंडी के भजन गायक ललित सोनवाल ने भजनों की ऐसी झड़ी लगाई कि श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे। सुबह चार बजे जितेंद्र शर्मा ने माता रानी की कथा अनूठे अंदाज से सुनाई। आयोजकों ने प्रसाद वितरण कर जागरण को विश्राम दिया। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रधान चंद्रशेखर हांडा, संजीव कुमार शर्मा, अश्वनी चोपड़ा, अशोक चोपड़ा, संजीव शारदा, अशोक शर्मा, विकास, अश्विनी चंदेल, राकेश, गौरव सोनी, विजय ढींगरा, सुनील गुप्ता, विक्की सोनी, विपुल हांडा आदि ने अहम भूमिका निभाई।
लोअर मेन मार्केट में आयोजित मां भगवती जागरण में झूमते श्रद्धालु। संवाद