संवाद न्यूज एजेंसीघुमारवीं। पुलिस थाना घुमारवीं में देवभूमि सवर्ण मोर्चा के एक पदाधिकारी ने उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसका गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता अजय ठाकुर निवासी गांव देवन जिला सिरमौर ने बताया है कि वह देवभूमि सवर्ण मोर्चा के सिरमौर जिले के युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं। पिछले 87 दिन से राष्ट्रीय देव भूमि पार्टी, देवभूमि क्षत्रिय संगठन और सवर्ण मोर्चा की ओर से एक पदयात्रा निकाली जा रही है। जैसे ही उनकी यात्रा घुमारवीं पहुंची तो उसने पाया कि उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर दो युवकों ने ब्राह्मण समाज के लिए आहत पूर्ण पोस्ट डालकर उसे वायरल किया है। आरोपी उनके संगठन और पार्टी के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।