झंडूता (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र झंडूता के किसान बेसहारा पशुओं के कारण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। खेतों में लहलहाती फसलों को चट कर बेसहारा पशु किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। पशुओं के झुंड खेतों देखते जा सकते हैं। यह पशु रात भर में खेत में उगी फसल को चट कर जाते हैं। किसानों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं से राहत दिलवाने की मांग की है।
झंडूता, बलघाड़, ठप्पर, बैहरन, टिकरी, बरठीं, गेहड़वीं, समोह, भड़ोली कलां, कलोल, तलाई, सुन्हाणी, बडगांव, डाहड, सेर, बरोहा, ऋषिकेश, मरोतन, जेजवीं, झरेड़ी, रोहल, अमरोआ, नखलेहड़ा, जबलु सहित अन्य कई क्षेत्रों में किसानों ने गेहूं सहित अन्य फसलों की खेती की है। बीते कई माह बारिश न होने की वजह से गेहूं की फसल खेतों में नमी न होने से खराब होना शुरू हो चुकी थी। अब बारिश होने से किसानों के खेतों में गेहूं की फसल को संजीवनी मिली, लेकिन अब हरी भरी गेहूं की फसल को बेसहारा पशु चट कर रहे हैं।
किसान फसल को बचाने के लिए कांटेदार तार भी लगा रहे हैं, लेकिन पशु फिर भी खेतों में पहुंच जा रहे हैं। जब किसान उन्हें खेतों से भगाने की कोशिश करते हैं तो वह हमला तक कर देते हैं। उधर, उपमंडल झंडूता के एसडीएम का कार्यभार देख रहीं तहसीलदार शिखा पटियाल ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या से किसानों को निजात दिलाने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है। जल्द ही इस समस्या का पूरी तरह निदान कर दिया जाएागा।