बिलासपुर में रेललाइन निर्माण कार्य के निरीक्षण पर पहुंचे उपायुक्त बिलासपुर अधिकारियों से बातचीत
मृतक के परिजनों को तुरंत मुआवजा देने के निर्देश
निर्माण कार्य में सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर किया कड़ा रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में चल रही रेल लाइन निर्माण परियोजना में हाल ही में हुए हादसे में इंजीनियर की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना के बाद उपायुक्त राहुल कुमार ने एसडीएम सदर राजदीप सिंह के साथ निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे कार्य क्षेत्र का बारीकी से जायजा लिया।
उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी एचजी इन्फ्रा के अधिकारियों से दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। निर्माण कार्य में सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर कहा कि रेलवे परियोजना में कार्यरत सभी कर्मियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने निर्देश दिए कि साइट पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। ओवरटाइम या अतिरिक्त समय में काम करवाते समय भी सेफ्टी प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने श्रमिकों से भी बातचीत की और उन्हें सुरक्षा साधनों के प्रयोग, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया, तथा मशीनों के सुरक्षित संचालन के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रबंधन और श्रमिकों दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि निर्माण कंपनी सुरक्षा मानकों को लेकर अधिक गंभीर होगी और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सकेगा।