-आपदा से निपटने के लिए हुआ उपमंडल स्तर की बैठक का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आपदा से निपटने के लिए तैयारियों को लेकर वीरवार को उपमंडल स्तरीय बैठक हुई। एसडीएम सदर डॉ. राजदीप की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी विभागों को निर्देश जारी कर सदैव तत्पर रहने के लिए कहा गया।
एसडीएम ने नगर परिषद को शहरी क्षेत्रों की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और पार्कों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा। ऐसे पेड़ों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए जो बारिश और तूफान की स्थिति में जान-माल के नुकसान का कारण बन सकते हैं। जल शक्ति विभाग को सभी पेयजल टंकियों की सफाई समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग को मानसून के दृष्टिगत सतर्क रहने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि सभी विभाग अपनी मशीनरी और संसाधनों की समीक्षा कर उन्हें क्रियाशील अवस्था में रखें ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया, डेंगू, जल जनित रोगों और सर्पदंश जैसी संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति सतर्कता बरतने और आवश्यक दवाइयों और संसाधनों की पहले से व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी-नालों से दूर रहें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं। नागरिकों को सलाह दी गई कि बरसात के मौसम में प्राकृतिक स्रोत का पानी कम से कम प्रयोग करें और पीने से पहले पानी को हमेशा उबालकर ही उपयोग में लाएं। आपदा की किसी भी स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 01978-224798 पर चौबीस घंटे संपर्क कर सकते हैं।