प्राथमिक शिक्षक से परिसर प्रणाली पर जताया रोष
धर्माणी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जिला बिलासपुर का प्रतिनिधिमंडल, जिला प्रधान राकेश पटियाल की अध्यक्षता में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी से विश्राम गृह घुमारवीं में मिला। संघ ने मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री को परिसर प्रणाली के दुष्प्रभावों संबंधी ज्ञापन प्रेषित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि परिसर प्रणाली से प्रदेश के लगभग 22 हजार प्राथमिक शिक्षक और 23 हजार सेवानिवृत्त शिक्षक नाराज हैं। संघ ने आरोप लगाया कि विभाग लगातार शिक्षक विरोधी आदेश जारी कर रहा है। मध्याह्न भोजन इकट्ठा करने का दबाव बनाए जाने से एमडीएम वर्कर्स नौकरी को लेकर चिंतित हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा दो वर्षों से बच्चों की खेल गतिविधियां बंद किए जाने से अभिभावकों में भी भारी रोष है।
धर्माणी ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से बात करेंगे और प्राथमिक शिक्षा तथा शिक्षकों के हितों की पैरवी करेंगे। इस अवसर पर जिला मुख्य संरक्षक यशवंत ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, महासचिव बाबू लाल भारद्वाज, जिला प्रतिनिधि जोगिंदर सिंह सहित लगभग 40 प्राथमिक शिक्षक उपस्थित रहे।