बिलासपुर। जिले में डेंगू ने करीब दो सप्ताह में काफी कहर बरपाया है। जिला बिलासपुर में तमाम तरह की सतर्कता के बाद भी लगातार डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। इसी बीच वेक्टर कंट्रोल रिसर्च सेंटर पुडुचेरी के विशेषज्ञों की टीम बिलासपुर जिला का दौरा करेगी, जो डेंगू के बढ़ने के कारणों को जांचने के साथ उसका निवारण भी तलाशेगी।
जिले में शुक्रवार को डेंगू के तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर डेंगू के मरीजों की संख्या 86 पहुंच गई है। सबसे अधिक मामले बिलासपुर शहर के डियारा सेक्टर से सामने आ रहे हैं। साल 2018 में भी यहां डेंगू ने कहर बरपाया था। तब करीब तीन हजार लोग इसकी चपेट में आए थे। डेंगू बुखार के लगातार बढ़ने की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग चिंतित है।
स्वास्थ्य विभाग ने अब डेंगू की रोकथाम के लिए वेक्टर कंट्रोल रिसर्च सेंटर पुडुचेरी के विशेषज्ञों की टीम को बुलाया है। यह टीम 6 नवंबर को बिलासपुर पहुंच सकती है। विशेषज्ञ की टीम जिले के सर्वाधिक डेंगू प्रभावित डियारा सेक्टर के हालात का जायजा लेगी और डेंगू बुखार के बढ़ने के कारणों का पता लगाने के साथ ही उसके निवारण का भी इंतजाम करेगी।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग भी करवाई जा रही है। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परविंद्र ने बताया कि वेक्टर कंट्रोल रिसर्च सेंटर पुडुचेरी के विशेषज्ञों की टीम के 6 नवंबर को जिला में आने की सूचना। टीम डेंगू से प्रभावित क्षेत्रों को दौरा करेंगी।