-प्रभावित परिवारों ने एसडीएम घुमारवीं को सौंपा शिकायत पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत त्यून खास में आधा दर्जन परिवारों ने एक व्यक्ति पर पुराने सामूहिक स्लेटपोश मकान को गिराने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी को लिखित शिकायत सौंपी है।
देव राज पुत्र रतु राम, प्रभु राम पुत्र दयालु राम और राजकुमार पुत्र रतु राम ने बताया कि मकान गिराने से आसपास के कम से कम पांच परिवारों की जान-माल को खतरा है। बारिश के कारण भूस्खलन का जोखिम पहले ही बढ़ा हुआ है, ऐसे में पुराना मकान गिरने से हादसा और गंभीर हो सकता है। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने संबंधित व्यक्ति को ऐसा कार्य न करने की मौखिक चेतावनी दी और पंचायत प्रधान रूप लाल को भी जानकारी दी। प्रधान ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित व्यक्ति को मकान और जमीन के साथ छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी। प्रभावित परिवारों ने राजस्व विभाग को भी अवगत कराया है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि संबंधित व्यक्ति को मकान गिराने जैसे कार्यों से तुरंत रोका जाए ताकि किसी तरह की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।