लंबित मांगें जल्द पूरी करने की उठी आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं( बिलासपुर) । हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन घुमारवीं की बैठक मंगलवार को प्रधान इंजीनियर रामलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत हाल ही में दिवंगत धर्म सिंह जमवाल और अच्छर राम लाइनमैन ग्राम बरोटा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। पेंशनर्स ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुखराम, वरिष्ठ उपप्रधान गंगा प्रसाद शर्मा, महासचिव केएल शर्मा, उपप्रधान रूप लाल शर्मा, दिला राम, रमेश शर्मा, आरएल महाजन, गुरुदेव कौशल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन की ओर से डीए एरियर को चरणबद्ध रूप से देने के निर्णय के बावजूद अब तक बकाया भुगतान न होने पर कड़ा रोष जताया। पेंशनरों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान का एरियर, लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, डीए सहित अन्य देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही 1 अक्तूबर 2012 से 31 दिसंबर 2015 के बीच सेवानिवृत्त कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों के लंबित मध्य वेतन निर्धारण को तुरंत लागू करने और पे फिक्सेशन के एरियर का भुगतान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस संबंध में प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की पेंशनर्स ने सराहना की। प्रधान इंजीनियर रामलाल शर्मा ने बिजली बोर्ड में लंबे समय से खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने और पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने युक्तिकरण प्रक्रिया के तहत पदों को समाप्त करने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
बैठक में केंद्र सरकार की ओर से अध्यादेश के माध्यम से बिजली कंपनियों के निजीकरण की प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया गया। वहीं मुख्यमंत्री की ओर से 70 से 75 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों के एरियर का भुगतान 31 जनवरी 2026 तक किए जाने की घोषणा का स्वागत किया गया। बैठक में सतीश चंदेल, बीडी शर्मा, राम प्रकाश, लेखराम शर्मा, लखनपाल, राय सिंह, मोहर सिंह, कृष्ण दास, गंगाराम, बृजलाल, सीताराम, प्रेम सिंह, बंसी राम, विद्यासागर शर्मा, हरी राम, ज्ञानचंद, प्रीतम, ओम चंद डोगरा, अजीत वर्मा सहित करीब 60 पेंशनर्स उपस्थित रहे।