आर्थिक तंगी झेल रहे नंबरदार, जल्द भुगतान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता( बिलासपुर)। झंडूता तहसील के अंतर्गत आने वाले नंबरदारों को सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय पिछले करीब डेढ़ वर्ष से लंबित पड़ा है। लंबे समय से भुगतान न होने के कारण नंबरदारों में रोष बढ़ता जा रहा है और उन्होंने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
झंडूता तहसील राजस्व जन कल्याण संघ के अध्यक्ष सूबेदार श्याम सिंह परमार ने बताया कि पिछले लगभग 15 महीनों से क्षेत्र के राजस्व नंबरदारों को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे कई नंबरदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि कुछ लोग इसी मानदेय पर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। नंबरदारों को अपने दायित्वों के तहत पटवार और तहसील कार्यालय में नियमित रूप से जाना पड़ता है, जिससे उनके समय के साथ-साथ पैसे भी खर्च होते हैं। इसके बावजूद मानदेय का भुगतान न होने से उनकी स्थिति और भी कठिन हो गई है। संघ के महासचिव कुलदीप सिंह पठानिया सहित अमरनाथ, जय सिंह ठाकुर, केवल कृष्ण, श्री राम, सुरजीत सिंह, जीवन कुमार, बलदेव दास, कश्मीर सिंह, कर्मू राम, कृपाल सिंह, गंगा राम, किशोरी लाल, जंग बहादुर, ज्ञान चंद, लाल सिंह ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि लंबित मानदेय जल्द जारी किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।