-छह गांव के करीब 1200 लोगों को मिलेगा लाभ
-पंचायत में सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर के तहत ग्राम बैरी रजादियां में मानर को अलग पंचायत बनाने की मांग की गई है। सोमवार को आयोजित पंचायत की ग्राम सभा में सर्वसम्मति से नई पंचायत बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
पंचायत कार्यालय में सोमवार को प्रधान निशा ठाकुर की अध्यक्षता में ग्राम सभा हुई जिसमें नई पंचायत बनाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। स्थानीय ग्रामीण जीतराम ठाकुर ने बताया कि नई पंचायत में मानर, कंज्योटा, डिग्गर, गांधी रोपा, पुनाहण और छहो जट्टां को मिलाया जा सकता है। इन गावों की आबादी करीब 1200 है। उन्होंने बताया कि इन गांव के लोगों को पंचायत मुख्यालय तक आने जाने और अपना कार्य करवाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि नई पंचायत मानर में बनाई जाती है तो लोगों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। लोगों ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि नई पंचायत बनाने की मांग को पूरा किया जाए ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।