वरिष्ठ नागरिक सभा बिलासपुर की मासिक बैठक मांगों और समस्याओं पर चर्चा
एम्स के प्रवेश द्वार के पास वर्षा शालिका के निर्माण का भी उठाया मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ नागरिक सभा बिलासपुर की मासिक बैठक प्रो. जेएन मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। महासचिव मस्तराम वर्मा ने मंच संचालन किया।
बैठक में सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर के पिता काहन सिंह, सभा के उपाध्यक्ष इ. मनमोहन भंडारी की धर्मपत्नी निर्मला भंडारी, नीलम गुप्ता, योगेंद्र सिंह दसलेहड़ा, अजय कुमार, राकेश महाजन और नंदलाल राणा की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सभा के महासचिव मस्तराम वर्मा को राज्य कार्यकारिणी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। बैठक में बिलासपुर को नगर निगम बनाने, शहीद स्मारक में राष्ट्रीय ध्वज को लगाने, हिमाचल पथ परिवहन निगम कार्यशाला से राधास्वामी सतसंग भवन तक और सिनेमा कॉलोनी से चेतना चौक तक सडक़ की मरम्मत करवाने की मांग उठाई गई।
सभा ने चंदन पेड़ चोरी होने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई करने भी मांग की। इसके अलावा 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तुरंत वित्तीय लाभ सरकार जारी करने, सेवानिवृत्त कर्मियों के मेडिकल बिलों का भुगतान तुरंत करने, लुहणू से बैरी दड़ोला पुल का शीघ्र निर्माण करने, एम्स के प्रवेश द्वार के पास वर्षाशालिका का निर्माण करने, एम्स में वरिष्ठ नागरिकों के साथ गए तीमारदारों को पंक्ति में खड़े होने की सुविधा देने, अंतरराज्यीय बस अड्डे की दयनीय स्थिति को सुधारने और आसपास फुटपाथ पर सब्जी और फल विक्रेता के अतिक्रमण से छुड़ाने की मांग की।
बैठक में रोशन लाल चौहान, बंसीराम, सुर्जन सिंह सोंखला, गंगाराम शर्मा, इ. रमेश टंडन, डॉ. जयराम शर्मा, सरदार रछपाल सिंह, नंदकिशोर शर्मा और सुशील पुंडीर आदि उपस्थित रहे।