कहलूर खेल परिसर बिलासपुर में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले मैच में मुख्यातिथि के साथ दोनों
व्यास उत्सव में फुटबाल प्रतियोगिता शुरू
जिले भर से नौ टीम ले रहीं भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। व्यास उत्सव के तहत कहलूर खेल परिसर में फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी रविशंकर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
प्रतियोगिता का पहला मैच एम्स बिलासपुर और विलेजर रॉकस्टार घुमारवीं के मध्य खेला गया। घुमारवीं ने इस मैच में 1-0 से जीत दर्ज की। मुख्यातिथि जिला खेल अधिकारी ने रविशंकर ने व्यास उत्सव आयोजन कमेटी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आवश्यक हैं। इससे युवाओं की प्रतिभा उभर कर सामने आती है। साथ ही खेल नशे से दूर रहने के लिए सहायक है। युवा पीढ़ी नशे के गर्त में जा रही है। युवाओं को खेल मैदान में लाना जरूरी है। इसके लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही खेल भावना से खेल खेलने का आह्वान किया। आयोजन समिति के सचिव मनोज ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में नौ टीम भाग ले रही हैं। इसमें एम्स बिलासपुर, विलेजर रॉकस्टार घुमारवीं, बीएफसी बिलासपुर, जीएफसी घुमारवीं, बरमाणा फुटबाल क्लब, लोकल फुटबाल क्लब, आर्यन क्लब, अरसल फुटबाल क्लब और स्पोट्र्स हॉस्टल बिलासपुर की टीम शामिल है। इस मौके पर हॉकी कोच प्रदीप कालिया, मोहित सिंह ठाकुर, अर्जुन धीमान, प्रवीण और अनिता शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।