प्रदेश स्कूल डीपीई संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मांगों पर की चर्चा
खंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 20 अगस्त से कराने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। प्रदेश स्कूल डीपीई संघ का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य प्रधान सुरजीत सिंह परमार की अध्यक्षता में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला। मंत्री के साथ सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षा और खेल प्रतियोगिताओं से संबंधित विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई।
संघ ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के कैलेंडर में संशोधन की मांग रखी। जोनल टूर्नामेंट का आयोजन 20 अगस्त के बाद करवाने और प्रत्येक वर्ग की प्रतियोगिताओं के लिए तीन-तीन दिन निर्धारित करने की बात रखी गई। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में मेजर एवं माइनर गेम्स, इंडोर गेम्स, एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए खेल अवधि प्रत्येक श्रेणी के लिए चार-चार दिन करने का प्रस्ताव रखा गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए मेजर एवं माइनर गेम्स की अवधि चार-चार दिन, व्यक्तिगत खेल तीन दिन, एथलेटिक्स तीन दिन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पांच दिन करने की मांग की गई। संघ ने यह भी आग्रह किया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के साथ एक अनुरक्षण अध्यापक तैनात किया जाए, ताकि उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत वरिष्ठ डीपीई को ही जिला सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी का कार्यभार देने की मांग भी रखी गई। संघ के राज्य प्रेस सचिव विकास पुंडीर ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने संघ की मांगों को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि इन विषयों पर शिक्षा सचिव और उच्च शिक्षा निदेशक से विचार-विमर्श कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में राज्य प्रधान सुरजीत सिंह परमार, महासचिव कैलाश गांगटा, मुख्य संरक्षक वीरेंद्र प्रताप, वरिष्ठ उप प्रधान गोपाल कृष्ण, बिलासपुर के सचिव स्वतंत्र राणा, अजय मेहता, पवन कुमार, राजपाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।