घुमारवीं के चैहड़ में होने वाले दंगल को लेकर चादर चढ़ाने की रस्म के दौरान उपस्थित लोग । संवाद
दंगल की सफलता के लिए हुआ कार्यक्रम का आयोजन
-18 अप्रैल को होगा दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत चैहड़ में 18 अप्रैल को होने वाले प्रसिद्ध दंगल का आगाज हो गया है। कमेटी सदस्यों सहित अन्य लोगों ने वीरवार को लखदाता पीर मंदिर में चादर चढ़ाने की रस्म अदा की।
ढोल नगाड़ों की थाप से पीर लखदाता से दंगल को सफल बनाने की अरदास लगाई। इसके बाद कमेटी ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए रूपरेखा तैयार की। उत्तर भारत के बड़े दंगलों में शुमार हो चुके चैहड़ दंगल में भारत के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। कमेटी की तरफ इस दंगल को सफल बनाने के लिए हर तैयारी शुरू कर दी है। कमेटी प्रधान जोगिंद्र जोगी, उपप्रधान दिनेश ठाकुर उर्फ लक्की, सचिव कमल ठाकुर, परशुराम अवार्डी जगदीश यादव, कमेटी संरक्षक हरिया राम ने बताया कि 18 अप्रैल को होने वाले दंगल में देश के बड़े पहलवान शिरकत करेंगे। कुश्तियों की पारदर्शिता के लिए हर तरह से कार्य किया जाएगा। पहलवान आपस में मिलकर कुश्ती न करें इसके लिए कुश्ती से महज कुछ मिनट पहले बताया जाएगा कि कौन पहलवान किस पहलवान से लड़ेगा। कमेटी प्रधान ने बताया कि भारत केसरी के नाम से जो खिताब होगा वह देखने योग्य होगा। खिताबी मुकाबले में वो पहलवान हिस्सा लेंगे जो आज तक हिमाचल में कभी कुश्ती लड़ने नहीं आए होंगे। इसके अलावा भारत कुमार, हिमाचल केसरी, बिलासपुर केसरी व चैहड़ केसरी का आयोजन भी किया जाएगा। युवाओं की कुश्ती में रुचि बढ़े इसके लिए कमेटी स्थानीय युवाओं के लिए अलग से मुकाबले करवाएगी। इस बार दंगल में करीब 50 हजार दर्शक आने का अनुमान है। दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह बनाई जाएगी।