खस्ताहाल सड़क से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार हो रहे ज्यादा परेशान
सड़क को नाबार्ड में डालने की औपचारिकताएं हो चुकी हैं पूरी : गौतम
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत खरकड़ी और सलोआ की कनफारा से भटेड़ जाने वाली कच्ची सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। इस बार भारी बरसात के चलते सड़क और भी खराब हो गई है, जिससे मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों ने खुद सड़क की मरम्मत का बीड़ा उठाया है।
इस सड़क से हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। सलोआ और कनफारा के स्कूल भी इसमें शामिल हैं। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में गंभीर दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बीमार को मुख्य सड़क तक ले जाना स्थानीय लोगों के लिए जोखिम भरा काम बन गया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थक हारकर स्थानीय लोगों ने अब अपनी जमा पूंजी से सड़क सुधार का काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता आदित्य गौतम ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों की इस पहल की जानकारी मिली तो वो मौके पर पहुंचे। वहीं उन्होंने भी इस कार्य में लोगों का हाथ बांटा। उन्होंने आर्थिक सहायता देकर इस कार्य को बढ़ाया और स्थानीय लोगों को प्रोत्साहित किया। वहीं सड़क को वाहन योग्य बनाया जा रहा है। मथुरा राम, देवराज, लेखराज, दौलत राम, रतन लाल, लीला देवी, विमला देवी सहित अन्यों ने उनका आभार व्यक्त किया। आदित्य गौतम ने बताया कि सड़क नाबार्ड के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी कर चुकी हैं। अब इसे मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के पास पेश किया गया है, ताकि जल्द से जल्द स्थायी निर्माण कार्य शुरू हो सके और स्थानीय लोगों की मुश्किलों का समाधान हो।