दो लाख मंजूर होने के बाद भी नहीं शुरू हुआ काम
बारिश में मकान में घुस रहा सड़क का पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत दाड़ी बाड़ी में उचित जल निकासी न होने से परिवार पिछले तीन वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहा है। स्थानीय निवासी रामलाल ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
रामलाल ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क का पानी उनके मकान के पीछे जमा हो जाता है और कमरों तक पहुंच जाता है। इससे हर वर्ष परिवार को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। जनवरी 2026 में उपायुक्त की ओर से जल निकासी व्यवस्था के लिए दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन सात माह बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई और मकान को कोई नुकसान हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जल्द स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग झंडूता के अधिशाषी अभियंता ज्ञानचंद ने बताया कि इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।