त्रिवेणीघाट पर आज तीसरी महापंचायत को लेकर होगी बैठक
-छह सप्ताह के आंदोलन के बाद भी सरकार कर रही अनदेखी : रजनीश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। त्रिवेणीघाट के अली खड्ड पर कीकर-नवगावं पेयजल योजना को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार को 41वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति के सदस्यों व प्रभावित पंचायतों के पंचायतीराज जन प्रतिनिधियों की मंगलवार को बैठक आंदोलन स्थल त्रिवेणीघाट पर सुबह 11 बजे होगी। बैठक में प्रभावित पंचायतों की तीसरी महापंचायत के आयोजन को लेकर अगली तिथि घोषित की जाएगी। क्रमिक अनशन पर आज कर्मचंद, रामपाल, जगदीश कुमार, कुलदीप कुमार, परस राम और रवि शर्मा बैठे।
अली खड्ड पानी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अधिवक्ता रजनीश शर्मा ने कहा कि आंदोलन को चलते 41 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार ग्रामीणों की कोई सुध नहीं ले रही है। वहीं उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व बिलासपुर एम्स आए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी संघर्ष समिति के सदस्यों ने मुलाकात कर अपना पक्ष रखा था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आश्वासन भी दिया था कि इस संदर्भ में वे भी प्रयास करेंगे, लेकिन न ही प्रदेश सरकार व न ही केंद्र सरकार की ओर से इसके बारे में कोई सकारात्मक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह विषय भाजपा द्वारा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भी उठाया गया था। अब भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को भी चाहिए कि वे केंद्र सरकार की ओर से भी इस विषय में आवश्यक कार्रवाई करवाए।