प्रधान मंगल बोले- मैरिज पैलेस, सीसीटीवी, ओपन जिम, लाइब्रेरी और खेल मैदान बनेंगे
नशे के खिलाफ बनेगी सख्त रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बड़गांव के नवनिर्वाचित प्रधान मंगल ठाकुर ने अगले पांच वर्षों के लिए पंचायत के विकास का व्यापक रोडमैप तैयार करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि झंडूता पंचायत समिति के पूर्व उपाध्यक्ष के रूप में मिले अनुभव का लाभ उठाकर बड़गांव को विकास और सुरक्षा का मॉडल पंचायत बनाया जाएगा। उनकी प्राथमिकता पंचायत को चिट्टा मुक्त बनाना और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना रहेगा।
प्रधान मंगल ठाकुर ने ग्राम सभा में कहा कि पंचायत स्तर पर पर्यवेक्षक प्रधानाचार्य होशियार जस्सल की देखरेख में चिट्टा मुक्त बड़गांव समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर धनीराम को बनाया गया है, जबकि उनके साथ 12 सदस्यीय टीम भी गठित की गई है। समिति नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई में सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति चिट्टा तस्करी या अन्य अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाता है तो पंचायत की ओर से उसे मिलने वाली सुविधाओं और प्रमाणपत्रों से वंचित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। वहीं अवैध शराब के कारोबार पर भी प्रशासन के सहयोग से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधान ने बताया कि पंचायत में आगामी वर्षों में मैरिज पैलेस, सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, युवाओं के लिए ओपन जिम, छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक लाइब्रेरी तथा खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। ग्राम सभा में पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में पंचायत सचिव विपिन कुमार सहित सुषमा देवी, रीता कुमारी, वीरभान चंदेल, जितेंद्र पाल, पवन कुमार, रामलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।