रास्ता खुलने के बाद भी नहीं हटाए मिट्टी के ढेर, वाहन चालकों को दुर्घटना का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय को मांडवा, भड़ोलीकलां, शाहतलाई, बड़सर और ऊना से जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर मांडवा पुल के पास सड़क पर पड़ा मिट्टी और मलबा वाहन चालकों के लिए परेशानी बना हुआ है। बरसात के दौरान पहाड़ियों से पत्थर, मिट्टी, मलबा और चट्टानें खिसकने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बीते माह करीब एक महीने तक मांडवा पुल के दोनों ओर से मार्ग बंद रखा था।
उस दौरान लोक निर्माण विभाग ने पुल के दोनों तरफ सड़क पर मिट्टी के ढेर लगाकर वाहनों और पैदल आवाजाही को रोक दिया था। अब प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है, लेकिन सड़क पर लगाए गए मिट्टी-मलबे को पूरी तरह नहीं हटाया गया है। इससे पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मांडवा पुल के पास सड़क पर सीधी उतराई है। ऐसे में सड़क किनारे पड़ा मिट्टी का ढेर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। सड़क पर मलबा पड़ा रहने से सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने में भी परेशानी होती है।
लोगों का कहना है कि मार्ग को आवाजाही के लिए खोलने के बाद सड़क पर लगाए गए मिट्टी के ढेर भी हटा दिए जाने चाहिए थे। यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया तो किसी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रह सकती है।
श्याम सिंह परमार, ओंकार सिंह मिन्हास, सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, नीतीश, राकेश कुमार और अरविंद सहित अन्य स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क पर पड़ा पूरा मलबा हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द कार्रवाई कर मार्ग को सुरक्षित बनाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी न हो।