दूषित पानी के सीर खड्ड में मिलने से कई गांवों की पेयजल योजनाएं खतरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत बाड़ी करंगोड़ा के गांव करंगोड़ा में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव के पास बहने वाले नाले में अज्ञात लोगों द्वारा एक मृत कुत्ते को फेंक दिया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जिस नाले में मृत कुत्ते को फेंका गया है, उसी नाले का पानी आगे चलकर सीर खड्ड में जाकर मिलता है। सीर खड्ड से ही कई गांवों के लिए पेयजल आपूर्ति हेतु स्कीमें संचालित हैं, जहां से लोगों को प्रतिदिन पीने का पानी मिलता है। ऐसे में नाले का दूषित पानी सीधा सीर खड्ड में मिल जाने से पेयजल स्रोत भी प्रदूषित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से जहां क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है और लोगों का नाले के आसपास आना जाना मुश्किल हो गया है। वहीं दूसरी ओर पेयजल स्कीम में दूषित पानी पहुंचने की बड़ी संभावना बनी हुई है। इससे जल जनित बीमारियों के उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है जो पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य न कर सके। साथ ही मृत कुत्ते को नाले से तुरंत हटाया जाए। ग्रामीणों ने अधिकारियों से पानी के स्रोतों की जांच करने और आवश्यकतानुसार पानी की आपूर्ति को शुद्ध करने के उपाय अपनाने की भी अपील की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। स्थानीय लोगों ने पंचायत से भी शीघ्र कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, पंचायत प्रधान पंकज चंदेल ने बताया कि मामला ध्यान में नहीं आया है, लेकिन फिर भी अगर किसी ने ऐसी हरकत की है इस मामले की जांच की जाएगी। साथ ही जानवर को पानी से निकाल कर दबा दिया जाएगा, ताकि लोगों को आ रही दिक्कतों से छुटकारा मिल सके और जल शक्ति विभाग को भी स्थिति से अवगत करवाया जाएगा।