- मृतक पर घुमारवीं थाने में दर्ज है आपराधिक मामला
- डेढ़ साल से अपने घर नहीं गया था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं बाजार में वीरवार सुबह संदिग्ध हालात में एक युवक का शव मिला है। युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान कुलविंदर धीमान (32) निवासी गांव बाड़ी मझेड़वां तहसील घुमारवीं बिलासपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह घुमारवीं बाजार में गांधी चौक के पास बनी दुकानों के पीछे कुछ लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया। काफी देर तक जब युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक नशे का आदी था। पुलिस थाना घुमारवीं में उस पर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक के परिजनों इसकी सूचना दी। इसके बाद युवक का भाई मौके पर पहुंचा, जिसने शव की शिनाख्त की। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि कुलविंदर पिछले डेढ़ साल से घर नहीं आ रहा था। युवक को अक्सर घुमारवीं बाजार और आसपास के क्षेत्र में देखा जाता रहा है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक युवक नशे का आदी था। उस पर पहले ही पुलिस थाना घुमारवीं में मुकदमा दर्ज है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।