- युगवीर ने खेली 97 रनों की बेहतरीन पारी
लुहूण मैदान में अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लुहूण मैदान में चल रही अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में डीसी इलेवन ने अल्ट्राटेक इलेवन टीम को 45 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मैच में डीसी इलेवन की ओर से ओपनर बल्लेबाज युगवीर ने 97 रनों की शानदार पारी खेली। युगवीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर डीसी इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ओपनर बल्लेबाज युगवीर और उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने पहले विकेट के लिए 127 रन जोड़े। आबिद 50 रन बनाकर अशोक साहू का शिकार हुए। वहीं युगवीर ने 48 गेंदों में 97 रन बनाकर टीम काो मजबूत लक्ष्य तक पहुंचाया। इसके अलावा रवि ने 17 रनों का योगदान दिया। बाद में बल्लेबाज अधिक रन नहीं जोड़ पाए और एक के बाद एक आउट होकर पवेलियन लौटते रहे। डीसी इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 203 रन बनाए। अल्ट्राटेक इलेवन की ओर से अशोक साहू ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्ट्राटेक इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरू के चार ओवर में तीन बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद विजय ने पारी को संभाला और 52 गेंदों में शानदार 82 रनों की पारी खेली। हालांकि वह टीम को जिता नहीं पाए। इसके अलावा विश्वजीत ने 23 और अभिषेक ने 21 रनों का योगदान दिया। इस तरह अल्ट्राटेक की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 158 रन ही बना पाई। डीसी इलेवन की ओर से रवि ने तीन विकेट हासिल किए। आज प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल एसपी इलेवन और व्यापार मंडल बिलासपुर के मध्य खेला जाएगा।