संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए गठित टीमें लगातार जिले भर में औचक निरीक्षण कर रही हैं। वहीं शुक्रवार को इसी के तहत उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक और एसपी बिलासपुर विवेक चहल किरतपुर-मनाली फोरलेन पर अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने मंडी-भराड़ी के पास फोरलेन से आवाजाही कर रही गाड़ियों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसटी और फ्लाइंग स्क्वायड की टीम भी साथ रही।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में तैनात निगरानी दल सभी गाड़ियों की जांच व निगरानी गंभीरता व संघनता के साथ कर रहे हैं, ताकि चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष पारदर्शिता लाई जा सके। निगरानी में लगे दल मुख्य मार्गों के साथ संपर्क मार्गों, पंचायत एवं गांव के आंतरिक स्थलों पर भी अवश्य निरीक्षण व निगरानी भी कर रहे हैं, ताकि किसी प्रकार के प्रलोभन अथवा अन्य प्रतिबंधित कार्य को होने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्टियों या उम्मीदवारों के समर्थकों की गाड़ियों में अगर कोई झंडा या प्रचार सामग्री लगी मिली तो उसे चुनावी व्यय में जोड़ा जाएगा। निगरानी दल गाड़ियों की वीडियोग्राफी भी करेंगे।