दयोली वृद्धाश्रम में 27 वरिष्ठ नागरिकों से मिले दोनों अधिकारी, सुविधाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार और अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर ने वृद्धाश्रम अपना घर दयोली पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। दोनों अधिकारियों ने बुजुर्गों की कलाइयों पर राखियां बांधीं और उन्हें मिठाई व उपहार भेंट किए। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, कुशलक्षेम और वृद्धाश्रम में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
वृद्धाश्रम में वर्तमान में 27 वरिष्ठ नागरिक रह रहे हैं। उपायुक्त ने आवास, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और मनोरंजन समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को इंडोर स्पोर्ट्स किट और अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई।
उपायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, देखभाल और अपनत्व की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें सम्मान, सुरक्षा और अपनत्व देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता और बुजुर्गों के साथ समय बिताने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के जल तरंग, जोश महोत्सव और अन्य आयोजनों में वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भाग लेने के अवसर दिए जा रहे हैं। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।
उपायुक्त ने बताया कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 500 रुपये प्रति निवासी त्योहार भत्ता भी दिया जा रहा है। साथ ही अंतरपीढ़ी जुड़ाव कार्यक्रम के तहत बैग, मोमबत्ती, साबुन और राखियां बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ आय के अवसर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।