-सलाओं पंचायत में मनाया राष्ट्रीय बालिका दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस ग्राम पंचायत सलाओं में मनाया गया। इसमें संवेदना चैरिटेबल सोसायटी घुमारवीं की उपाध्यक्ष सोनिका धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में एसएचओ घुमारवीं अमिता चौधरी उपस्थित रही। समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलाओं के बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने स्लोगन लेखन, पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया। समारोह में पांच बच्चियों के जन्म दिन भी मनाए गए। साथ ही एक बूटा बेटी के नाम पौधारोपण किया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी बिलासपुर के सौजन्य से सलाओं स्कूल की दो छात्राओं को कंबल, एक छात्रा को किचन किट, 10 छात्राओं को सेनेटरी किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में तीन बेटियों को अचीवर गर्ल से भी सम्मानित किया गया, जिसमें अनिका ने स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति हासिल की है, स्वाति शर्मा ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की परीक्षा पास की है और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पुत्री साक्षी ने नीट 2024 की परीक्षा उत्तीर्ण की है। समारोह में स्कूल की प्रथम छात्रा केसरी देवी को भी सम्मानित किया गया। केसरी देवी ने बताया की उन्होंने साल 1961 में सलाओं स्कूल में दाखिला लिया था, वह विद्यालय की पहली छात्रा थी। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने बताया कि सभी पंचायतों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्सव 8 मार्च तक मनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कम लिंगानुपात वाली पंचायतों में विशेष जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा, स्कूल प्रधानाचार्य, पंचायत प्रधान, सभी वृत्त पर्यवेक्षक आदि उपस्थित रहे।
बिलासपुर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्सव पर छात्राओ