हादसे के बाद खुद ही भराड़ी थाना पहुंचा आरोपी चालक, मृतक का हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत शिमला-मटौर हाईवे पर डंगार कस्बे के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में फरार हुआ ट्रक चालक पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। हादसे में दख्युत गांव के हेमराज की मौत हो गई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन बुधवार रात को वह खुद ही भराड़ी थाना में हाजिर हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद चालक डर के कारण घटनास्थल से भाग निकला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और चालक की तलाश जारी थी। बताते चलें कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे डंगार कस्बे के पास एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक स्कूटी को करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में स्कूटी चालक हेमराज की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक ने ट्रक को वहीं छोड़ दिया और भाग गया। वीरवार को मृतक हेमराज का दाह संस्कार उनके पैतृक गांव दख्युत में किया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। हेमराज शादियों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में रसोइए का कार्य करते थे और क्षेत्र में लोकप्रिय थे। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक मोहम्मद रियाज, निवासी जम्मू, खुद ही भराड़ी थाना पहुंच गया था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।