संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ऐतिहासिक घागस देव मेले का आयोजन 13 व 14 मई को होगा। मेला कमेटी अध्यक्ष राकेश कपूर व पिस्तु राम कौंडल ने बताया कि यह मेला 1956 से निर्विघ्न चल रहा है। हर साल आयोजित होने वाले इस आयोजन को सफल बनाने के लिए लोग बढ़-चढ़कर योगदान देते हैं।
उन्होंने बताया कि मेले की तैयारी को लेकर घागस में बैठक का आयोजन किया। मेले की रूपरेखा, आयोजन को लेकर निर्णय लिए गए। 13 मई को महिला मंडलों द्वारा लोक संस्कृति पर अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी दिन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें विजेता टीम को 11 हजार रुपये बतौर इनाम और उपविजेता टीम को 7100 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि घागस देव मेले की पारंपरिक पहचान दंगल का आयोजन 14 मई को किया जाएगा। इसमें हिमाचल के साथ उतरी भारत के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। इस दंगल में दो मुकाबले कराए जाएंगे। बताया कि 14 मई को शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राकेश कपूर ने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लें।