ध्यान और भजन-कीर्तन से गूंजा वातावरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आध्यात्मिक जागरण और सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से संचालित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग यात्रा मंगलवार को बिलासपुर पहुंची। इससे पहले यह यात्रा चंबा, हमीरपुर और मंडी में भी आयोजित की जा चुकी है, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने यात्रा का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस पावन यात्रा के साथ आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ संत एवं प्रशिक्षक स्वामी विरुपाक्ष सहित कई साधक और सेवादार मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को योग, ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ एवं तनाव मुक्त जीवन जीने का संदेश दिया।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की महिमा का प्रचार-प्रसार करना और समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना है। इस दौरान भजन-कीर्तन, ध्यान सत्र और ज्ञान चर्चा का आयोजन किया गया, जिससे लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान स्वामी विरुपाक्ष ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए ध्यान एवं साधना सबसे प्रभावी माध्यम हैं। आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से लाखों लोग दुनियाभर में तनाव मुक्त जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। बिलासपुर में यह आयोजन डियारा सेक्टर स्थित राम नाटक मंच पर आयोजित किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।