पुजारी वर्ग ने किया यात्रा का भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ज्योति कलश रथ यात्रा शुक्रवार को चौथे दिन श्री नयनादेवी मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर पुजारी वर्ग ने रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। कलश को मंदिर के अंदर ले जाया गया और भजन कीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने मंदिर के दर्शन और परिक्रमा की।
इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से आए हुए विद्वानों ने कहा कि जब दो दिव्य शक्तियां का मिलन होता है तो यह अद्भुत संयोग होता है। इससे समाज का कल्याण और शुभ की वर्षा होती है। इसके पश्चात यात्रा गुरु का लाहौर गुरुद्वारा पहुंची, जहां यात्रा का स्वागत किया गया। इसके पश्चात यात्रा बस्सी के शिव मंदिर पहुंची, जहां पर ज्योति कलश का श्रद्धालुओं ने पूजन किया। श्रद्धालुओं को शांतिकुंज से आए हुए विद्वानों ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि घर-घर में संस्कारों का वातावरण पैदा करना ही गायत्री परिवार का उद्देश्य है। गायत्री परिवार के जिला संयोजक परिवेश शर्मा ने बताया कि 8 नवंबर को यह यात्रा परनाल से होते हुए घुमारवीं के लिए प्रस्थान करेगी। शाम 4 बजे गायत्री चेतना केंद्र घुमारवीं पर दीप यज्ञ का आयोजन होगा।