मार्कंडेय में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
मंदिर में स्नान के बिना अधूरी माना जाती है चार धाम की यात्रा
आज होगा तीन दिवसीय बैसाखी मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ऋषि मार्कंडेय में मंगलवार को बैसाखी पर करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। प्रदेशभर से श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उन्होंने स्नान किया।
ऋषि मार्कंडेय मंदिर में बैसाखी पर तीन दिवसीय मेला चल रहा है। मेले में चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग और सफाई आदि का पूरा प्रबंध किया गया है। मेले का समापन बुधवार को कुश्ती के आयोजन के साथ होगा। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। इस तीर्थ स्थल में साल भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन बैसाखी पर यहां पर स्नान का अलग महत्व है। मान्यता के अनुसार चार धाम की यात्रा यहां पर स्नान करने के बाद ही संपूर्ण मानी जाती है। माना जाता है कि ऋषि मार्कंडेय को चिरंजीवी होने का वरदान मिला है। पौराणिक मान्यता के अनुसार मृकंडु ऋषि की घोर तपस्या के बाद भगवान शिव ने उन्हें पुत्र रतन का वरदान दिया। वरदान के साथ उन्होंने पुत्र के अल्पायु होने का जिक्र किया। उन्हें पुत्र के रूप में मार्कंडेय की प्राप्ति हुई। ज्यों-ज्यों पुत्र की आयु बढ़ती गई पिता चिंताग्रस्त रहने लगे। बालक मार्कंडेय कुशाग्र बुद्धि के साथ पितृ भक्त भी थे। उन्होंने अपने पिता के मन को कुरेदकर चिंता का कारण जान लिया। इस चिंता की मुक्ति के लिए मार्कंडेय ने भगवान शिव की तपस्या तब शुरू की जब उनकी आयु 12 साल पूरी होने में तीन दिन शेष रह गए। उन्होंने रेत का शिवलिंग बनाया और शिव की तपस्या में लीन हो गए। उनकी 12 साल की आयु पूरी होने पर यमदूत उनके प्राण हरने के लिए आए। उनकी तपस्या के कारण शिवलिंग में से आग की लपटें निकलने लगीं और यमदूत वापस यम पूरी चले गए। यमदूतों ने यमराज को पूरा वृतांत सुनाया। जब स्वयं यमराज वहां आए तो बालक मार्कंडेय ने शिवलिंग को बाजुओं में पकड़ लिया। उस समय शिवलिंग में से शिव प्रकट हुए। उन्होंने यमराज को वापस जाने का आदेश दिया और बालक मार्कंडेय को चिरंजीवी होने का वरदान दिया। ऐसा माना जाता है कि यह घटना बैसाखी की पूर्व संध्या को घटित हुई। उस स्थान पर पानी का झरना फूट पड़ा, जिसे आज मार्कंडेय तीर्थ के नाम से जाना जाता है। इस वृतांत का विवरण मार्कंडेय पुराण में मिलता है।