श्री नयनादेवी पुलिस ने रविवार सुबह तीन जेब कतरों को हिरासत में लिया है। तीनों को पास से पुलिस ने हजारों की नकदी और महंगा मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपियों ने एक विजिलेंस कर्मी सहित कई लोगों को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसके अलावा दो अन्य जेब कतरे फरार होने में कामयाब हो गए हैं। सभी आरोपी लुधियाना के बताए जा रहे हैं जो कि भीड़ का फायदा उठाकर यहां श्रद्धालुओं की जेबें काटने का काम कर रहे थे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सोमवार को तीनों आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर विजिलेंस कार्यालय में तैनात राजेंद्र सिंह धीमान किसी काम से नयनादेवी के बस्सी आए थे। इसके बाद वह शनिवार रात साढ़े नौ बजे नयना देवी मंदिर में माथा टेकने चले गए।
यहां भीड़ का फायदा उठाकर जेब कतरे ने उनकी जेब काट ली। इसका पता उन्हें कुछ समय बाद लगा। उनके पर्स में 3800 रुपये नकद, एक आईकार्ड, सीएसडी कैंटीन कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान था। राजेंद्र सिंह ने रविवार सुबह जेब कतरों की तलाश के लिए मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाशना शुरू की। इसमें उन्होंने एक को आरोपी को पहचान लिया।
रविवार सुबह भी जेबकतरा भीड़ में खड़े लोगों की जेब काटने की फिराक में था। इसको वहां पर तैनात होमगार्ड जवान प्रोमिला उर्फ मधू ने पहचान लिया, और उसे भीड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द किया गया।
जेब कतरे की पहचान रोहित शर्मा पुत्र राकेश कुमार, गिल रोड, लुधियाना के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि 3800 रुपये का रात को ही उसने जुआ खेल लिया था, इसमें वह सारे पैसे हार गया था।
रोहित ने बताया कि उसने साथी अली खान और सुनील कुमार दोनों मलेर कोटला, लुधियाना के रहने वाले हैं, जो कि मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने रविवार को ही दो अन्य जेबकतरों को भी लोगों की जेबें काटते हुए पकड़ा है।
इसमें लखवीर सिंह पुत्र बुद्धि सिंह निवासी गोपाल नगर, गली (16) मकान नंबर 8470 है, जबकि दूसरे की पहचान सोनू प्रसाद पुत्र भीम प्रसाद, डडारी कला-गैसपुरा रोड नजदीक पीपल चौक लुधियाना के रूप में हुई है। इसमें लखवीर को पुलिस ने रंगे हाथों जेब काटते हुए पकड़ा है।
उसके पास से पुलिस ने भूरे रंग के पर्स में 16 हजार रुपये, काले रंग के पर्स में 3722 और 555 रुपये बरामद किए हैं जबकि आरोपियों के पास से करीब 12 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और चार हजार रुपये कैश अलग से बरामद किया गया है। पुलिस कर्मियों ने बताया कि मोबाइल और चार हजार कैश सुनील कुमार शर्मा पुत्र सुभाष नगर कैथल का था। यह रकम उसे लौटा दी गई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार जेब कतरों की तलाश शुरू कर दी है। तीनों को सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। डीएसपी नयना देवी बलदेव दत्त ने बताया कि पुलिस ने तीन जेब कतरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि फरार दो आरोपियों की की तलाश जारी है।