घुमारवीं थाना के तहत कुठेड़ा बाजार में स्थित एक सुनार की दुकान से अधेड़ महिला ने दिनदहाड़े सोने की अंगूठी चुरा ली। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दुकान मालिक राकेश सोनी ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान उनका बेटा दुकान में था। शाम करीब 5 बजे उनकी दुकान पर एक अधेड़ महिला आई जिन्होंने उनके बेटे को कुछ सोने के गहने दिखाने को कहा। बेटा उन्हें गहने दिखा रहा था तो उन दोनों महिला व पुरुष ने उनके बेटे को बातों ही बातों में उलझा दिया। बुजुर्ग दंपत्ति काफी देर तक गहनों को देखते रहे।
इस बीच बुजुर्ग महिला ने करीब 10 हजार रुपये की सोने की अंगूठी को गायब कर लिया और बिना कुछ खरीदे ही वहां से चले गए। दूसरे दिन जब किसी अन्य ग्राहक को अंगूठी दिखानी थी तो वह नहीं मिली। इस कारण उन्होंने सीसीटीवी की रिकार्डिंग चेक की जिसमें पाया गया कि बुजुर्ग महिला ने सोने की अंगूठी चुरा ली है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है।
बताया जा रहा है कि उक्त महिला व पुरुष कई अन्य जगहों पर भी सुनारों की दुकानों पर देखे गए हैं। उधर, डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।