खुद को जज बताने वाले शख्स का चालान करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मैं यूपी का जज हूं, इसलिए लगाई है लाल बत्ती। लेकिन मेरा आईडी प्रूफ घर पर ही रखा है। यातायात पुलिस बिलासपुर के शहर के कॉलेज चौक पर रोकी गई एक गाड़ी में सवार व्यक्ति ने ऐसा ही रौब दिखाया। जब उक्त शख्स अपना पहचान नहीं दिखा पाया तो पुलिस ने गाड़ी से लाल बत्ती निकालकर उसका चालान काटा।
जानकारी के मुताबिक यातायात पुलिस कॉलेज चौक पर तैनात थी। तभी मनाली की ओर से एक लाल रंग की गाड़ी नंबर यूके-04एम-0151 आई, जिसमें लाल बत्ती लगी हुई थी। यातायात पुलिस ने गाड़ी को रोका। इसमें एक दंपति सवार था।
यातायात पुलिस प्रभारी नंद लाल कटारिया बत्ती उतारने के लिए कहा, तो गाड़ी में सवार व्यक्ति ने खुद को यूपी का जज बताया। इस पर पुलिस प्रभारी पर उससे पहचान पत्र मांगा, लेकिन उसने यह कहकर पीछा छुड़ाने की कोशिश की कि आईडी प्रूफ घर पर है।
जिस पर पुलिस ने उसका 1300 रुपये का चालान काट दिया। गौरतलब है कि बाहरी राज्यों से हिमाचल घूमने आने वाले पर्यटक अपनी गाड़ियों में लाल और नीले रंग की बत्ती लगाकर आते हैं, ताकि पुलिस उन्हें न रोक सके।
उधर, यातायात प्रभारी नंदलाल कटारिया ने बताया कि गाड़ी का 1300 रुपये का चालान काटा गया है। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों को तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।