तलाई पुलिस ने बरठीं के भल्लू के पास एक शख्स को 21 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उक्त आरोपी चरस बेचने के कारोबार में संलिप्त है और उसका संबंध किसी बड़े गिरोह से हो सकता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम एसएचओ कर्म सिंह ठाकुर की अगुवाई में पुलिस टीम बरठीं की ओर से गश्त कर वापस तलाई लौट रही थी।
इसी दौरान भल्लू गांव के समीप सड़क पर एक व्यक्ति पुलिस को आता देखकर छिपने की कोशिश करने लगा। इस पर पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ। पुलिस ने उसके पास जाकर पूछताछ शुरू की।
जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो पुलिस को जैकेट की जेब से 21 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी की पहचान उत्तम चंद (33) पुत्र गुरदेव सिंह, गांव भल्लू बरठीं के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में युवा दिन प्रतिदिन नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। इसके पीछे ऐसे लोग शामिल हैं जो कि रातोंरात अमीर बनने ही चाह में युवाओं को नशे की सप्लाई कर रहे हैं।
इससे पहले भी तलाई पुलिस ने एक कार में दो युवकों से चरस बरामद की थी। डीएसपी घुमारवीं राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 21 ग्राम चरस सहित एक आरोपी को गिफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को शक है कि इसका संबंध किसी बड़े गिरोह से हो सकता है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी के साथ गहनता से पूछताछ की जाएगी।