थाना बरमाणा के अंतर्गत कुड्डी इलाके में एक पारिवारिक विवाद सुलझाने मौके पर गई पुलिस टीम के साथ गाली गलौज, हाथापाई और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक एक शख्स ने उनके साथ दुर्व्यवहार के साथ एक कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। उक्त शख्स शराब के नशे में बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर उसके गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुड्डी गांव का एक व्यक्ति रविवार रात अपने ही घर में हुड़दंग मचा रहा था। परिजनों और अन्य लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। यहां तक कि वह परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट पर भी उतारू हो गया।
थक हार कर उसके पिता ने बरमाणा थाना संपर्क किया और पुलिस से उसे शांत करवाने की गुहार लगाई। मामले की सूचना मिलने के बाद बरमाण थाना से एक पुलिस टीम करीब पौने 11 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन, आरोपी पुलिस टीम के साथ भी उलझ पड़ा।
उसने तैश में आकर पुलिस टीम में शामिल एक पुलिस कर्मी की वर्दी फाड़ डाली और अभद्र व्यवहार भी किया। पुलिस कें अनुसार आरोपी ने उसे जान मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस ने हवलदार संजीव कुमार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी देशराज को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।