ग्राम पंचायत कुठेड़ा के तहत पट्टा-भदरोग-मोरसिंघी सड़क निर्माण के लिए हुए शिलान्यास की पट्टिका को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है। रविवार को शिलान्यास हुआ और दूसरे ही दिन सोमवार को शिलान्यास पट्टिका टूटी हुई मिली।
इससे लोगों के होश फाख्ता हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की तहकीकात के लिए पुलिस का एक दल देर शाम मौके पर भी पहुंच गया है।
पट्टिका किसने तोड़ी इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत आने वाले कुठेड़ा पंचायत के मसौर गांव में पट्टा-भदरोग-मोरसिंघी सड़क का रविवार को शिलान्यास हुआ था।
स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर ने यहां शिलान्यास किया। इस अवसर पर विशाल जनसभा का भी आयोजन किया गया था। लेकिन, शिलान्यास के दूसरे ही दिन शरारती तत्वों ने शिलान्यास पट्टिका तोड़ दी।
युवक मंडल के प्रधान विपिन मेहता ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा की गई इस हरकत की जांच की जानी चाहिए। गौरतलब है कि इस सड़क का निर्माण 60 लाख रुपये से बनने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क से ग्रामीणों को फायदा होना है। ग्रामीण इस सड़क की मांग कई सालों से कर रहे थे।
डीएसपी अंजनि जस्वाल ने बताया कि लोनिवि की ओर से इस संदर्भ में थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। इसके आधार पर पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। छानबीन के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।